पुणे/हरिद्वार। हॉकी इंडिया की ओर से पुणे में आयोजित 16वीं जूनियर वुमन नेशनल चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड की टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। पहले मुकाबले में उत्तराखंड ने गोवा को एकतरफा अंदाज में 5-0 से करारी शिकस्त दी।
मैच की शुरुआत से ही उत्तराखंड की खिलाड़ियों ने आक्रामक तेवर दिखाए और बेहतरीन तालमेल के साथ गोवा पर दबाव बनाए रखा। टीम की फारवर्ड लाइन में खेल रहीं श्री राम विद्या मंदिर श्यामपुर की पूर्व छात्रा आरती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे।
आरती के दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनके प्रदर्शन ने उत्तराखंड की जीत में अहम भूमिका निभाई।
आरती की उपलब्धि से विद्यालय में खुशी
आरती के शानदार प्रदर्शन और प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने से श्री राम विद्या मंदिर श्यामपुर के विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से हॉकी सहित विभिन्न खेलों को लगातार प्रोत्साहित किया जाता है। विद्यालय के खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर शानदार प्रदर्शन कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
आरती की उपलब्धि पर विद्यालय के ट्रस्टी राजीव भल्ला तथा प्रधानाचार्या बबीता अग्रवाल श्रीनिवास ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने आरती के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगामी मुकाबलों में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।
