सोनप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सोनप्रयाग क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए सीतापुर पार्किंग, सोनप्रयाग में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 26 हाफ बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध शराब की बिक्री या तस्करी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रा मार्गों पर लगातार चेकिंग, निगरानी और छापेमारी अभियान को तेज कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
