जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी, 14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली
न्यू टिहरी। हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से न्यू टिहरी में 14 और 15 अगस्त को विशेष एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने CBC के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत चल रही गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

तिरंगे की गौरवशाली यात्रा से रूबरू होंगे विद्यार्थी
केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 14-15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व तथा विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
14 अगस्त को तिरंगा रैली
कार्यक्रम के तहत 14 अगस्त की सुबह तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित होंगी, जिससे वे स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े विषयों को रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से समझ सकें।

गणेश जोशी करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन
राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी 14 अगस्त को न्यू टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। CBC ने आमजन से प्रदर्शनी का अधिक से अधिक संख्या में भ्रमण करने की अपील की है।
अधिकारियों के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
