नई टिहरी। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिन शर्मा के निर्देश पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल दयाराम के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस का उद्देश्य युवाओं की भूमिका, उनकी समस्याओं तथा समाज और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य की आशा होते हैं। उनकी ऊर्जा, उत्साह, रचनात्मकता और नई सोच देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी देश का विकास इस बात पर निर्भर करता है कि वह अपने युवाओं को कितने बेहतर अवसर और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराता है। वर्तमान समय में युवाओं के सामने बेरोजगारी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कमी, मानसिक दबाव, नशे की समस्या और कौशल विकास जैसी कई चुनौतियां हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार, परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं से अपने भविष्य के साथ-साथ समाज और देश के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन, ईमानदारी, सामाजिक सहयोग और पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल्यों को अपनाना भी जरूरी है। युवा अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।

विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की दी जानकारी
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली विधिक सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
वहीं, वन स्टॉप सेंटर, टिहरी गढ़वाल की केंद्र प्रशासक रश्मि बिष्ट ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली एवं महिलाओं को उपलब्ध सहायता और सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरदेव उनियाल, अभिभावक संघ अध्यक्ष राजेंद्र खाती, कवि सोमवारी लाल सकलानी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
