Your Website Description

राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित, सिद्धांत और साक्षी बने ओवरऑल चैंपियन

नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में चतुर्थ वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर ए.के. सिंह ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पंचम सेमेस्टर के छात्र आर्यन ने मशाल प्रज्वलित कर खेल मैदान की परिक्रमा की और मशाल पंचम सेमेस्टर की छात्रा निधि को सौंपी। इसके साथ ही प्रतियोगिता का विधिवत आगाज हुआ।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के लिए 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, चक्का फेंक, भाला फेंक, गोला फेंक, कैरम और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. संगीता बिजलवान जोशी ने प्रतियोगिता की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही संचालन की जिम्मेदारी निभाई। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अजीत सिंह एवं डॉ. सनवर सिंह ने सहयोग किया।

ओवरऑल चैंपियनशिप के बालक वर्ग में पंचम सेमेस्टर के सिद्धांत ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि आर्यन उपविजेता रहे। वहीं बालिका वर्ग में प्रथम सेमेस्टर की साक्षी ओवरऑल चैंपियन बनीं तथा अनुराधा ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।

बालिका वर्ग की व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में कैरम में पायल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भाला फेंक में रीता प्रथम, आंचल द्वितीय और पायल तृतीय रहीं। चक्का फेंक में अनीशा प्रथम तथा आंचल द्वितीय स्थान पर रहीं। गोला फेंक में रीता प्रथम, निधि द्वितीय और अनीशा तृतीय रहीं।

लंबी कूद में रंजना ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय और निधि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में अनुराधा प्रथम रहीं। 100 मीटर दौड़ में अनुराधा प्रथम, साक्षी द्वितीय और माही तृतीय रहीं, जबकि 200 मीटर दौड़ में अनुराधा ने प्रथम तथा साक्षी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *