नई टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने जिला प्रोबेशन कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों, विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण, चाइल्ड हेल्पलाइन और एसओएस बाल ग्राम का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों एवं अभिलेखों का अवलोकन कर विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण में आवासित एक बालिका को परिवार मिल गया है। इस संबंध में नियमानुसार सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। वहीं, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर जनवरी से सितंबर 2026 तक कुल 68 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 61 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल संरक्षण से जुड़े सभी मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए। बच्चों की सुरक्षा, देखभाल एवं पुनर्वास से संबंधित मामलों में निर्धारित प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विभागीय पत्रावलियों एवं अभिलेखों को अद्यतन रखने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा विभिन्न बाल संरक्षण संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, एसीएमओ डॉ. निधि रावत, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. निधि, बाल कल्याण समिति की सदस्य संगीता भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
