हरिद्वार/देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 1129.91 करोड़ रुपये की 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान 1014.81 करोड़ रुपये की 22 योजनाओं का शिलान्यास तथा 115.10 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में पुलिस, कारागार प्रशासन, होमगार्ड्स और सहकारिता से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
इन योजनाओं का हुआ लोकार्पण
लोकार्पित परियोजनाओं में सहकारिता विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के तहत ₹14 करोड़ की लागत से टीएमआर प्लांट का लोकार्पण शामिल है।
इसके अतिरिक्त गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत ₹18.17 करोड़ की लागत से देहरादून पुलिस लाइन में निर्मित 46 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया। ₹6.55 करोड़ की लागत से पौड़ी गढ़वाल पुलिस लाइन में बहुउद्देशीय भवन तथा उत्तरकाशी के थाना धरासू में प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया गया।
₹5.48 करोड़ की लागत से पौड़ी गढ़वाल के थाना लक्ष्मणझूला व लैंसडाउन तथा उत्तरकाशी के थाना धरासू में कुल 18 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया। वहीं ₹5.40 करोड़ की लागत से नरेंद्रनगर स्थित पीटीसी में एकेडमिक ब्लॉक एवं राजपत्रित छात्रावास का लोकार्पण किया गया।
इसी क्रम में ₹12.75 करोड़ की लागत से नैनीताल के थाना चोरगलिया व काठगोदाम तथा टिहरी गढ़वाल के थाना कीर्तिनगर और मुनि की रेती में टाइप-2 के कुल 48 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।
₹14.36 करोड़ की लागत से देहरादून के आईआरबी द्वितीय में आरटीसी हेतु प्रशासनिक भवन एवं अवसंरचनात्मक कार्यों का लोकार्पण हुआ। ₹6.98 करोड़ की लागत से अल्मोड़ा के रानीखेत व द्वाराहाट तथा बागेश्वर के कपकोट में टाइप-2 के 18 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।
₹7.16 करोड़ की लागत से चंपावत के चंपावत, टनकपुर व लोहाघाट थानों में टाइप-2 के 18 आवासीय भवनों का लोकार्पण हुआ। इसके अलावा ₹9.16 करोड़ की लागत से हरिद्वार जिला कारागार में आवासीय भवनों के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया, जबकि ₹4.90 करोड़ की लागत से वहीं 50 बंदियों की क्षमता वाली हाई सिक्योरिटी बैरकों का निर्माण भी लोकार्पित किया गया।
कारागार विभाग के अंतर्गत ₹1.80 करोड़ की लागत से देहरादून जिला कारागार, ₹1.22 करोड़ की लागत से हरिद्वार जिला कारागार तथा ₹1.22 करोड़ की लागत से हरिद्वार के उप कारागार रुड़की में वीसी क्यूबिकल्स का लोकार्पण किया गया। इसी प्रकार ₹0.84 करोड़ की लागत से हल्द्वानी उपकारागार में भी वीसी क्यूबिकल्स का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत ₹2.63 करोड़ की लागत से टिहरी गढ़वाल में जिला कमांडेंट कार्यालय होमगार्ड्स के अनावासीय भवन तथा ₹2.48 करोड़ की लागत से पिथौरागढ़ में जिला कमांडेंट कार्यालय होमगार्ड्स के अनावासीय भवन का लोकार्पण किया गया।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से राज्य में सुरक्षा ढांचे को मजबूती मिलने के साथ-साथ प्रशासनिक सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।
