नई टिहरी में फर्नीचर व कवर्ड मार्केट की व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, लापरवाही पर जताई नाराजगी

 

 

नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने एडीबी के तहत करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बौराड़ी में फर्नीचर मार्केट एवं कवर्ड मार्केट में किए जा रहे सुधारात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति का क्रॉस वेरिफिकेशन करते हुए मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

फर्नीचर मार्केट में सीलन और जल निकासी की समस्या पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ज्वाइंट से पानी के रिसाव को ठीक कराने, आवश्यक वाटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट कराने तथा ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मार्केट में खुले एवं लटकते तारों की वायरिंग को व्यवस्थित कर बंचिंग कराने तथा विद्युत संबंधी सभी कार्य नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के समन्वय से शीघ्र पूरा करने को कहा।

 

जिलाधिकारी ने मार्केट के बीच स्थित विद्युत पोल को भी नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के समन्वय से अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। पेड़ों की पत्तियों के कारण नालियां चोक होने की शिकायत पर उन्होंने नगर पालिका के समन्वय से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, छतों की सफाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मार्केट में जल निकासी, वायरिंग, सफाई व्यवस्था और अन्य कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कवर्ड मार्केट में गंदगी और लटकते तारों पर जताई नाराजगी

 

कवर्ड मार्केट के निरीक्षण के दौरान खुले में लटकते तार, गंदगी तथा दुकानों के बाहर खाली स्थान में कूड़ा-करकट पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुकानों के बाहर खाली स्थान को दो दिन के भीतर भरने और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

सीढ़ियों के निकट दुकानों के शटर के ऊपर बने स्लैबों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें हटाने के निर्देश भी दिए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजारों में मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि व्यापारियों और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष व्यापार मंडल शिवराज सिंह सजवाण, प्रोजेक्ट मैनेजर एडीबी अमित रुसिया, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *