TEHRI : जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल के निर्देशानुसार नरेंद्रनगर ब्लॉक के फकोट मुख्यालय में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखंड द्वारा आमजन में योग के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन योग दिवस 2025 की तैयारी और थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ को केंद्र में रखकर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह भंडारी ने दीप प्रज्वलन और धन्वंतरि वंदना के साथ किया। इसके उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना डंगवाल ने कहा कि योग हमारे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को उत्तम बनाए रखने का सबसे प्रभावी और सहज उपाय है। उन्होंने कहा कि योग केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव और महत्व वैश्विक स्तर पर स्थापित हो चुका है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ यह संदेश देती है कि हम सभी एक साझा ग्रह पर रहते हैं और वैश्विक स्वास्थ्य के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं, जिसमें योग एक सशक्त माध्यम बन सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने में आयुष विभाग टिहरी से डॉ. वीरेंद्र पुरोहित, डॉ. सुरभि शर्मा, डॉ. अदिति शर्मा, डॉ. चेतन स्नेही, डॉ. सुषमा, एस एस कपिल, डॉ. पूनम सहित विभाग के अन्य कार्मिकों की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम ने जनपद में योग के प्रति नई ऊर्जा और चेतना का संचार किया, साथ ही आगामी योग दिवस के लिए एक मजबूत सामाजिक और प्रशासनिक आधार तैयार किया।
फकोट मुख्यालय में योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
