चंबा में क्षेत्र पंचायत बैठक सम्पन्न, स्वच्छता, विकास और मतदाता पुनरीक्षण पर हुआ मंथन

 

नई टिहरी।
जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुमन सजवाण की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल सहित जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन एवं राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चंबा क्षेत्र ने प्रदेश को कई प्रेरणादायी उदाहरण दिए हैं तथा सबसे कम उम्र की क्षेत्र पंचायत प्रमुख का चयन लोकतांत्रिक भागीदारी का सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने ग्रामीण स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। अस्वच्छता अनेक बीमारियों का कारण बनती है, इसलिए सभी को मिलकर गांवों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। विधायक ने बताया कि ओएनजीसी द्वारा क्षेत्र में 2,000 सोलर लाइट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनका चरणबद्ध तरीके से वितरण किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र को ओबीसी घोषित किए जाने संबंधी सदन के प्रस्ताव की भी सराहना की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

इस अवसर पर विधायक निधि से 14 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए कूड़ा निस्तारण वाहन को विधायक किशोर उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बैठक में सदस्य क्षेत्र पंचायत सौंदकोटी प्रवीण नेगी ने ग्राम पंचायत में जल संस्थान की पेयजल टंकी की पाइपलाइन के लिए चैंबर निर्माण की मांग भी उठाई।

बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख संजय मैठाणी, कनिष्ठ उपप्रमुख सरोजनी मखलोगा, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, मुख्य विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *