मालदेवता आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्निर्माण कार्य तेज, अधिकांश क्षतिग्रस्त मार्ग बहाल

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में मालदेवता, सौड़ा सरौली और आसपास के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्निर्माण एवं सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। जिला प्रशासन क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण, सुरक्षा दीवारों के निर्माण तथा नदी तटों के संरक्षण कार्यों में तेजी लाते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन को सुरक्षित और सुचारु बनाने में जुटा है।

गत मंगलवार को हुई भारी वर्षा से रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई सड़क मार्ग एवं सुरक्षा संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गई थीं। स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को तत्काल पुनर्स्थापन और सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप अधिकांश आवश्यक कार्य निर्धारित समय में पूरे कर लिए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थलों पर बनाए गए सुरक्षा उपायों की लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा दीवारों पर लगाए गए जाल एवं अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि लगातार हो रही वर्षा के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और स्थानीय नागरिकों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे।

लगातार बारिश के कारण सोंग नदी के बढ़े जलस्तर से मालदेवता स्थित कलिंगा नहर भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। सिंचाई विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नहर का पुनर्निर्माण पूरा कर लिया है, जिससे क्षेत्र के किसानों को फिर से सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होने लगा है। इसके अलावा पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की सहायता से नदी का चैनलाइजेशन कार्य भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि नदी के बहाव को नियंत्रित कर संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिला प्रशासन भी विभिन्न विभागों के समन्वय से राहत एवं पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित कर रहा है।

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने बताया कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों और सुरक्षा दीवारों के पुनर्निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) द्वारा क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों एवं सुरक्षा दीवारों का निर्माण कराया गया है, जबकि लोक निर्माण विभाग ने मालदेवता क्षेत्र के क्षतिग्रस्त स्थलों का पुनर्स्थापन पूरा कर लिया है। सिंचाई विभाग द्वारा कलिंगा नहर का पुनर्निर्माण भी पूर्ण कर लिया गया है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *