रुद्रप्रयाग। विकासखंड मुख्यालय जखोली में महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं रीप परियोजना के तहत कुल 55 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कृषि व्यवसाय केंद्र का शिलान्यास किया। इसके अलावा 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित रेस्टोरेंट एवं कैफे तथा 15 लाख रुपये की लागत से तैयार कलेक्शन सेंटर एवं कार्यालय का लोकार्पण कर इन्हें महिला स्वयं सहायता समूहों को समर्पित किया।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि व्यवसाय केंद्र, रेस्टोरेंट-कैफे और कलेक्शन सेंटर से महिला समूहों को उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण, विपणन और बिक्री के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। ‘लखपति दीदी’ के संकल्प को धरातल पर उतारने में स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से परिवारों की आय के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। सरकार का प्रयास है कि महिला स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार, प्रसंस्करण और विपणन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य वाचस्पति सेमवाल, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, सीएलएफ अध्यक्ष शम्मा देवी और मेहरवान रावत सहित महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
