उत्तरकाशी में बदला मौसम का मिजाज: बारिश और बर्फबारी से वनाग्नि पर काबू, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

उत्तरकाशी। जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। रविवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से जहां जंगलों में लगी आग पर काबू पाने में राहत मिली है, वहीं कई स्थानों पर ओलावृष्टि से काश्तकारों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।

जिले के गंगोत्री, हर्षिल, यमुनोत्री और खरसाली सहित कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जिससे ठंड एक बार फिर लौट आई है। सोमवार दोपहर बाद भी जिले के कई हिस्सों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने पहले ही क्षेत्र में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। रविवार रात से जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का दौर जारी है। श्री गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के मंदिर परिसर के आसपास, गौमुख और कालिंदी पर्वत क्षेत्र में भी भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी के कारण पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है और तापमान में भी गिरावट आई है।

उत्तरकाशी जिले में दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण जंगलों में लगी आग पूरी तरह बुझ गई है, जिससे वन विभाग ने राहत की सांस ली है।

हालांकि, मौसम के इस बदलाव से किसानों को नुकसान भी हुआ है। तहसील पुरोला के ग्राम भंकोली और तहसील बड़कोट के ग्राम धारीवली में काश्तकारों की नगदी फसलों को ओलावृष्टि से भारी नुकसान होने की सूचना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *