हरिद्वार। पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार का दौरा कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे विराट आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग पूरी क्षमता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियों को पूरा करें। उन्होंने कहा कि मेला आयोजन से जुड़े सभी हितधारकों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों तथा साधु-संतों के सहयोग से कुंभ मेले का भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कुंभ से संबंधित कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और प्रस्तावित कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर मुख्य सचिव से वार्ता कर शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए। उन्होंने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े स्थायी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना को भी शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने की बात कही। इसके अलावा श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से संबंधित योजनाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने हरिद्वार स्थित डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार के निर्देश देते हुए कहा कि मौजूदा भवन से सटे क्षेत्र में एक आधुनिक और आकर्षक अतिथिगृह निर्माण की योजना तैयार की जाए।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत सड़कों, पुलों, घाटों के निर्माण, जलापूर्ति, चिकित्सा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से जुड़ी स्थायी प्रकृति की 33 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर के मार्गों के सुधार की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में हरिद्वार की जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर नगर निगम किरण जैसल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
