दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

 

 

 

चमोली। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दशोली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सगर में निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की स्थिति, उनके निस्तारण की प्रगति और अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण में जिन मतदाताओं के नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं या जिनके विवरण में त्रुटि अथवा विसंगति है, उनके निराकरण के लिए जनपद में कैंप मोड में सुनवाई की जा रही है। इन शिविरों में बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज लेकर सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर उसका तत्काल निराकरण किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्वाचक नामावली में प्रत्येक मतदाता का विवरण सही, अद्यतन और त्रुटिरहित दर्ज हो। उन्होंने सभी सुनवाई केंद्रों पर पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील हैं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को सरल, सुगम और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से अपनी समस्या के समाधान का अवसर मिल सके।

 

जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि जिनके नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं अथवा जिनके विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित सुनवाई केंद्रों पर आवश्यक अभिलेखों के साथ पहुंचकर अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराएं।

 

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी। सभी प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *