08 अगस्त को चमोली में चलेगा वृहद स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक कचरे पर होगी सख्त कार्रवाई

 

 

चमोली। जनपद में ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 08 अगस्त को पूरे चमोली जिले में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से सभी विकासखंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में एक साथ आयोजित होगा।

 

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं, सिविल सोसायटी संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

 

जनपद में 15 से अधिक हॉटस्पॉट और क्रॉनिक कचरा स्थलों को चिन्हित किया गया है, जहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत और नगरीय क्षेत्रों में भी व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर उसे निर्धारित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, बायोडिग्रेडेबल उत्पादों को बढ़ावा देने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ प्रभावी चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ट्रैकिंग रूट और वन क्षेत्रों में प्लास्टिक उपयोग रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना भी लागू की जाएगी।

 

इसके साथ ही जीएसटी चेकपोस्टों पर अन्य जनपदों से आने वाले वाहनों की जांच तेज की जाएगी। प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। नगरीय क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों के अलावा कूड़ा फेंकने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *