चमोली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मंगलवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी दलों से पात्र मतदाताओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने तथा बूथ स्तर पर निर्वाचन अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंचता है तो पुनः नोटिस जारी करने, आवश्यकतानुसार चस्पा करने तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एडीएम ने कहा कि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक 63,347 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 21,900, थराली विधानसभा क्षेत्र में 19,935 तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 21,512 नोटिस शामिल हैं।
निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही 633 बीएलओ के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिकों को भी नामित किया गया है, जो दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई, अभिलेखों के परीक्षण तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग करेंगे।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
बैठक में उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती, भाजपा के विनोद कुमार नेगी एवं राकेश जोशी, कांग्रेस के मदन लोहनी, आम आदमी पार्टी के अनूप रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
