उत्तरकाशी। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल की ओर से सेवा सप्ताह अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जड़ भरत मार्ग स्थित केदारघाट के पार्कों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार और छायादार पौधे रोपे।
कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय प्रकाश बडोला ने किया। अभियान के तहत पीपल, आम, अमरूद, आंवला और नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
विहिप जिला मंत्री कीर्ति महर ने बताया कि संगठन की ओर से प्रतिवर्ष 5 जुलाई से 12 जुलाई तक सेवा सप्ताह मनाया जाता है। इस दौरान वृक्षारोपण, मठ-मंदिरों की साफ-सफाई, चिकित्सा शिविर और अन्य जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी जरूरी है। संगठन के सदस्य अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेकर कार्य करेंगे, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
