रुद्रप्रयाग। नगर व्यापार मंडल रुद्रप्रयाग की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
समारोह में अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश सेमवाल, उपाध्यक्ष सचिन गुसाईं, महामंत्री तरुण पंवार सहित अन्य पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नई कार्यकारिणी ने व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने और बाजार के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और बेहतर व्यापारिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने कहा कि संगठन सभी व्यापारियों को साथ लेकर चलेगा और बाजार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग की अपील की।
समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। व्यापारियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर कार्य की उम्मीद जताई।
