FRI में वन महोत्सव-2026: वृक्षारोपण के साथ हरित भविष्य का संकल्प

देहरादून।   भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई) के अंतर्गत वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), देहरादून में शुक्रवार को वन महोत्सव-2026 के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विस्तार प्रभाग और वन संवर्धन एवं प्रबंधन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एफआरआई की निदेशक ऋचा मिश्रा ने संस्थान परिसर में मौलश्री (Mimusops elengi) का पौधा रोपित कर किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

इसके बाद संस्थान के प्रभाग प्रमुखों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में आंवला (Emblica officinalis) के पौधे लगाकर अभियान में भागीदारी की। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

एफआरआई ने कहा कि वन महोत्सव-2026 का यह आयोजन देश की हरित धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और सतत विकास के लिए सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *