सपनों को मिली उड़ान: देहरादून की 30 बेटियां बनीं उदयन शालिनी फेलोशिप का हिस्सा

 

 

 

देहरादून।   शहर की 30 प्रतिभाशाली बेटियों के लिए यह दिन विशेष रहा, जब उन्हें उदयन केयर ट्रस्ट द्वारा संचालित उदयन शालिनी फेलोशिप के 19वें बैच में औपचारिक रूप से शामिल किया गया। प्रवेशोत्सव समारोह में छात्राओं ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय वन सेवा (IFS) की वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में सहायक महानिरीक्षक (AIG) नीलिमा शाह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह फेलोशिप केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का मंच है। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपने सपनों को सीमित न रखें और सफलता के बाद समाज को लौटाने की भावना भी विकसित करें।

उदयन केयर की संस्थापिका डॉ. किरण मोदी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्राओं को अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है। उन्होंने अभिभावकों के समर्पण की भी सराहना की।

वरिष्ठ शालिनी लक्ष्मी शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पहल ने उन्हें नई दिशा और पहचान दी। देहरादून चैप्टर के संयोजक विमल डबराल ने बताया कि चैप्टर अब तक सैकड़ों छात्राओं को शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने का अवसर दे चुका है और भविष्य में यह प्रयास और विस्तारित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. दलजीत कौर ने किया। इस अवसर पर वैल्हम गर्ल्स स्कूल की उप-प्रधानाचार्या सुबोही राशिद सहित अनेक अतिथि, छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *