गौचर में शराब की दुकान पर ओवररेटिंग को लेकर हंगामा, ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच गाली-गलौज, हाथापाई की नौबत

 

 

गौचर (चमोली)। जनपद चमोली के गौचर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर ओवररेटिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार शाम को कथित रूप से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने के विरोध में ग्राहकों और दुकान कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व भारी विरोध के बावजूद गौचर में अंग्रेजी शराब का ठेका खोला गया था। प्रारंभ में इसे मुख्य बाजार से दूर संचालित किया गया, लेकिन बाद में इसे बाजार के पिछले हिस्से में स्थानांतरित कर दिया गया। हाल ही में नई सरकारी नीति के तहत दुकान को राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है।

 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि दुकान के वर्तमान स्थान से स्कूली छात्र-छात्राएं तथा ग्रामीण महिलाएं भी प्रतिदिन गुजरती हैं। ऐसे में दुकान के बाहर लगने वाली भीड़ और विवाद की स्थिति सामाजिक दृष्टि से चिंता का विषय बन रही है।

उपभोक्ता चंद्रपाल ने आरोप लगाया कि 175 रुपये मूल्य का पव्वा 190 रुपये में बेचा जा रहा था। विरोध करने पर कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया। अन्य ग्राहकों — नारायण बहादुर, सुरेंद्र कुमार और प्रकाश — ने भी हाफ और बोतल पर 20 रुपये अधिक वसूले जाने का आरोप लगाया है।

 

इस संबंध में जब ठेका स्वामी मुकेश गुनसोला से संपर्क किया गया तो उन्होंने प्रारंभ में आरोपों से अनभिज्ञता जताई। बाद में उन्होंने कहा कि यदि कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

 

वहीं, आबकारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि ओवररेटिंग की शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली नहीं होनी चाहिए और मामले की जांच की जाएगी।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *