Dehradun: प्रदेश में भारी बारिश और मौसम में लगातार बदलाव के बीच यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने देर रात चीला विद्युत गृह एवं पशुलोक बैराज का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जलस्तर, जल प्रवाह और सिल्ट की स्थिति पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजनाओं और विद्युत गृहों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए निर्बाध विद्युत उत्पादन बनाए रखने पर जोर दिया।
पशुलोक बैराज में जलस्तर और सिल्ट की जानकारी ली
पशुलोक बैराज के निरीक्षण के दौरान एमडी अजय कुमार सिंह ने नदी के जलस्तर, जल प्रवाह और सिल्ट की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए बैराज की लगातार निगरानी की जाए।
उन्होंने कहा कि जलस्तर या जल प्रवाह में किसी भी असामान्य परिवर्तन की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
परियोजनाओं और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एमडी ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान परियोजना संरचनाओं और कार्मिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए।

चीला विद्युत गृह में विद्युत उत्पादन की समीक्षा
चीला विद्युत गृह के निरीक्षण के दौरान अजय कुमार सिंह ने परिचालन व्यवस्था और विद्युत उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उपलब्ध जल और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मशीनों का सुरक्षित एवं कुशल संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
एमडी ने अधिकारियों को उपलब्ध जल संसाधन से अधिकतम संभव विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद विद्युत उत्पादन व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना जरूरी है।
यूपीसीएल और पिटकुल से समन्वय के निर्देश
अजय कुमार सिंह ने यूपीसीएल एवं पिटकुल के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत उत्पादन, पारेषण और ग्रिड की स्थिति का नियमित अवलोकन करने को कहा, ताकि आवश्यकता के अनुसार विद्युत गृहों का संचालन करते हुए प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखी जा सके।

रामगंगा जल विद्युत परियोजना का भी किया निरीक्षण
इससे पहले एमडी ने कालागढ़ स्थित रामगंगा जल विद्युत परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जलाशय, बैराज, विद्युत गृह और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का जायजा लेकर अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने जलाशय के जलस्तर और जल प्रवाह की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में निगम की परियोजनाओं एवं विद्युत गृहों की सुरक्षा, कार्मिकों की सुरक्षा और विद्युत उत्पादन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहते हुए परिस्थितियों के अनुरूप तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
देर रात तक चले निरीक्षण के दौरान एमडी ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे सतर्क रहें तथा मौसम, जलस्तर, जल प्रवाह, सिल्ट और परियोजना संरचनाओं की स्थिति पर लगातार नजर रखें, ताकि किसी भी संभावित चुनौती से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
