सर्बिया दौरे पर उत्तराखण्ड का प्रतिनिधिमंडल, नोवी साद प्रांत की विधानसभा का किया भ्रमण

 

देहरादून।  भारत निर्वाचन आयोग की पहल पर उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का एक दल यूरोप के सर्बिया गणराज्य के अध्ययन दौरे पर पहुंचा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल लोकतांत्रिक देशों की निर्वाचन प्रक्रिया का अध्ययन कर रहा है।

बुधवार को भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया के नोवी साद प्रांत की विधानसभा का भ्रमण किया। इस दौरान वहां की लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।

बैठक एवं भ्रमण कार्यक्रम में डॉ. पुरुषोत्तम के साथ अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, सर्बिया में भारत के राजदूत अभिषेक शुक्ला और जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नोवी साद प्रांत विधानसभा की चेयरमैन दीना वुचिनिच ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और भारत-सर्बिया के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निर्वाचन प्रक्रियाओं में सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण से दोनों देशों की निर्वाचन प्रणाली, मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिला है। इससे भविष्य में आपसी सहयोग और मजबूत होगा।

भारत और सर्बिया के बीच निर्वाचन प्रक्रियाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के श्रेष्ठ अनुभवों के आदान-प्रदान के उद्देश्य से प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया की प्रांतीय निर्वाचन आयोग के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान सर्बिया की चुनाव प्रणाली, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और चुनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *