नई टिहरी। जनपद में चल रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत जिला प्रशासन न केवल जनसमस्याओं का समाधान कर रहा है, बल्कि ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने वाली पहलों को भी प्रोत्साहित कर रहा है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने विकासखंड भिलंगना के सुदूरवर्ती डांगी नैलचामी क्षेत्र के ग्राम मल्ड का दौरा किया। यहां उन्होंने महिलाओं के अथक परिश्रम से तैयार की गई “नील चामेश्वर नर्सरी” का विधिवत उद्घाटन किया। नर्सरी का संचालन कर रही मातृशक्ति से संवाद किया और उनकी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदमों की मुक्त कंठ से सराहना की।
कृषि और औद्यानिकी पर आधारित यह आधुनिक नर्सरी ग्रामोत्थान रीप परियोजना की एक महत्वकांक्षी पहल है, जिसे सीएलएफ संगम स्वायत्त सहकारिता के अंतर्गत आकाश स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह परियोजना ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का एक बेहतरीन मॉडल पेश करती है। इस मॉडर्न नर्सरी की स्थापना के लिए वित्तीय ढांचे को बहुत ही सुनियोजित तरीके से तैयार किया गया है। इसमें रीप परियोजना द्वारा छह लाख रुपये की सहयोग धनराशि प्रदान की गई है, जबकि तीन लाख रुपये का बैंक ऋण और एक लाख रुपये का निवेश स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अपने संसाधनों से किया गया है। यह सामूहिक प्रयास महिलाओं की उद्यमशीलता का प्रमाण है।
ग्राम प्रधान मल्ड राकेश भट्ट ने परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस नर्सरी से आकाश स्वयं सहायता समूह की 10 से 12 महिलाएं सीधे तौर पर जुड़ी हुई हैं, जिन्हें इससे घर के पास ही रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है। नर्सरी में विविधता का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां फूलों की लगभग 20 से 30 उन्नत प्रजातियां उपलब्ध हैं, जिनमें इंडोर और आउटडोर सजावटी पौधों का बेहतरीन संग्रह है। इसके साथ ही, स्थानीय किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यहां सब्जी और फलों के गुणवत्तायुक्त पौधे भी तैयार किए जा रहे हैं।
