Your Website Description

उत्तराखंड बाल विधानसभा 2026-27: विनय जोशी बने बाल मुख्यमंत्री, कमल सिंह मटियाली को बाल स्पीकर की जिम्मेदारी

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की मौजूदगी में बाल मंत्रिमंडल का गठन, नवनिर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली

देहरादून। पंचम उत्तराखंड बाल विधानसभा 2026-27 के अंतर्गत मंगलवार को बाल मंत्रिमंडल के गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की उपस्थिति में नवनिर्वाचित बाल मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान मंत्री ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बाल विधानसभा का उद्देश्य बच्चों को संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। इस पहल के माध्यम से बच्चों को अपनी बात सदन में रखने, जनसमस्याओं को समझने और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

विनय जोशी बने बाल मुख्यमंत्री, कमल सिंह मटियाली को बाल स्पीकर की जिम्मेदारी

पंचम उत्तराखंड बाल विधानसभा के नवगठित मंत्रिमंडल में विनय जोशी को बाल मुख्यमंत्री और कमल सिंह मटियाली को बाल स्पीकर चुना गया। वहीं, प्रज्ञान पाण्डेय को बाल नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनिर्वाचित बाल मंत्रिमंडल में विभिन्न विभागों के दायित्व भी निर्धारित किए गए। इनमें रिधिमा को बाल गृह मंत्री, वैशाली नेटवाल को बाल महिला एवं बाल विकास मंत्री, अंशुमान को बाल शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा विकास को बाल आपदा प्रबंधन एवं समाज कल्याण मंत्री बनाया गया।

इसके अलावा सक्षम नेगी को बाल स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, स्नेहा को बाल श्रम मंत्री, किरण पांडेय को कृषि, मत्स्य एवं सूचना प्रसारण विभाग तथा राशि को वन एवं पर्यावरण विभाग का दायित्व सौंपा गया।

लोकतांत्रिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता को मिलेगा बढ़ावा

समारोह में बाल विधानसभा के निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और जनहित से जुड़े विषयों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

पंचम उत्तराखंड बाल विधानसभा का यह सत्र बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था से परिचित कराने, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *