सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और रोजगारपरक योजनाओं की दी गई जानकारी
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन देने के लिए संवाद एवं वृत्तिक परामर्श शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज त्रियुगीनारायण में कैरियर काउंसलिंग एवं रोजगार मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 109 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर भविष्य में कैरियर निर्माण और रोजगार के अवसरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

रुचि और योग्यता के अनुसार चुनें कैरियर
शिविर में जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि बेहतर भविष्य के लिए अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप विषयों का चयन करना जरूरी है। विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ तैयारी करनी चाहिए।
उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उनकी तैयारी की रणनीतियों और परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को पारंपरिक रोजगार विकल्पों के अतिरिक्त कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।
रोजगारपरक योजनाओं और पोर्टल की दी जानकारी
सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन सिंह रावत ने विद्यार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने रोजगार पंजीकरण, रोजगार प्रयाग पोर्टल, विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, भाषा प्रशिक्षण और मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं और पोर्टलों के माध्यम से युवा अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं। सही जानकारी और कौशल प्रशिक्षण के जरिए विद्यार्थी भविष्य के लिए बेहतर तैयारी कर सकते हैं।

विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में सहायक होंगे शिविर
विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के मार्गदर्शन शिविर विद्यार्थियों को समय रहते कैरियर संबंधी निर्णय लेने और रोजगार के विभिन्न विकल्पों को समझने में मदद करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया।
