जनता मिलन कार्यक्रम में 58 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

 

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

 

नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 58 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए। इनमें पुनर्वास, प्रतिकर वितरण, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास, सड़क, लोक निर्माण विभाग, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया।

 

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जनपद के सभी विद्यालयों में पेयजल की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि किसी भी विद्यालय से पेयजल संबंधी शिकायत प्राप्त न हो। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कहा कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण अथवा संबद्धीकरण की स्थिति में तत्काल प्रतिस्थानी शिक्षक की व्यवस्था की जाए, ताकि शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो।

 

पर्यटन रोड की कटिंग से आवास को खतरे का मामला

 

ग्राम हरगी निवासी योगेंद्र दत्त डोभाल ने बताया कि निर्माणाधीन पर्यटन रोड की कटिंग से उनके आवास पर खतरा मंडरा रहा है। जिलाधिकारी ने जिला खान अधिकारी को लोनिवि चंबा के संबंधित अधिकारियों के साथ एक सप्ताह के भीतर संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

जिला पंचायत सदस्य बागी दर्शनी रावत ने सरज्युला पंपिंग योजना से पिछले एक माह से अत्यधिक गंदा पानी आने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

निविदाओं के निरस्तीकरण और प्रतिकर भुगतान संबंधी शिकायतों पर जांच के निर्देश

 

ठेकेदार संगठन जौनपुर से आए प्रतिनिधियों ने विभागों द्वारा निविदा जारी किए जाने के बाद उन्हें निरस्त किए जाने की शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को मामले की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

जौनपुर क्षेत्र से आए लोगों ने लखवाड़ बांध परियोजना के प्रतिकर भुगतान से संबंधित अभिलेखों में कूटरचित एवं फर्जी हस्ताक्षर किए जाने तथा बिना भुगतान की गई प्रतिकर राशि का भुगतान दर्शाए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

राजकीय गजट में नाम दर्ज न होने का मामला भी उठा

 

ग्राम टटोर, तहसील नैनबाग से आए ग्रामीणों ने बताया कि वे लखवाड़ बांध प्रभावित हैं और प्रशासनिक त्रुटि के कारण उनके खाता-खतौनी, खसरा एवं नाम राजकीय गजट में दर्ज होने से छूट गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक सुधार की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजवेंद्र सिंह, एसएलएओ नीलू चावला, जिला कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *