देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान 1475.31 करोड़ रुपये की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

ऊर्जा विभाग की 472.33 करोड़ की 20 योजनाओं का शिलान्यास और 77.93 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। पेयजल निगम की 191.17 करोड़ की आठ योजनाओं का शिलान्यास तथा 82.03 करोड़ की पांच योजनाओं का लोकार्पण हुआ। वहीं जल संस्थान की 62.30 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
लोक निर्माण विभाग की 18.78 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और 99.68 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की 92.25 करोड़ की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 10.95 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण हुआ। इनमें कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर हरिद्वार में आधारभूत सुविधाओं का विकास भी शामिल है।
इसके अलावा तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, गृह, डेयरी विकास, उच्च शिक्षा, आवास, गन्ना विकास एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केंद्र, हल्द्वानी में फायर स्टेशन के आवासीय भवन, सितारगंज में मिल्क पाउडर एवं आइसक्रीम प्लांट, अगस्त्यमुनि में पीजी ब्लॉक तथा श्री हेमकुण्ड साहिब रोपवे परियोजना से संबंधित कार्य प्रमुख हैं।
इन विकास योजनाओं से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही पर्यटन, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
