नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में प्रवासी बुद्धिजीवियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राज्य की विकास यात्रा में प्रवासी उत्तराखंडियों की अहम भूमिका है और उनके सुझावों को नीतियों में शामिल किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का बजट बढ़ाकर 1.12 लाख करोड़ रुपये किया गया है। रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ‘पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी’ को विकास में उपयोगी बनाने के लिए पर्यटन और स्वरोजगार पर जोर दिया जा रहा है।
कनेक्टिविटी पर उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से यात्रा समय कम हुआ है, देहरादून से 50 से अधिक हवाई सेवाएं हैं। पंतनगर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण होगा।रोजगार पर CM ने कहा कि 4 जुलाई 2021 के बाद 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई, नकल माफिया के 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया और सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने UCC लागू कर देश के सामने सुशासन का मॉडल पेश किया है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के अधिकार मजबूत हुए हैं। साथ ही धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून लागू कर डेमोग्राफी की रक्षा की जा रही है।उन्होंने कहा कि मदरसा बोर्ड समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है और मानकों पर खरे न उतरने वाले 250 से अधिक मदरसों पर कार्रवाई की गई है। चारधाम यात्रा में कई गुना वृद्धि और कांवड़ यात्रा में 5 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे हैं।
