देहरादून। ऊर्जा भवन स्थित यूपीसीएल के कॉन्फ्रेंस हॉल में शनिवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें प्रिंट, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों सहित वरिष्ठ पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। पत्रकारों ने यूपीसीएल की कार्यप्रणाली, उपभोक्ता सुविधाओं, स्मार्ट मीटर, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, विद्युत व्यवस्था और कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल किए। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए निगम की उपलब्धियों और उपभोक्ता हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेज
एमडी पीसी ध्यानी ने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता अपनी बिजली खपत और भुगतान से जुड़ी जानकारी अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक तरीके से प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने के लिए उपभोक्ताओं से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा स्मार्ट एवं प्रीपेड मीटर का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित छूट का लाभ भी मिलेगा।

एक लाख से अधिक घरों में लगे रूफटॉप सोलर
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर एमडी ने बताया कि उत्तराखंड में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा मिलने के साथ बिजली के बिल में भी राहत मिल रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से हजारों परिवारों को लाभ मिला है और कई परिवारों का बिजली बिल शून्य तक पहुंचा है।
बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर फोकस
एमडी ने आरडीएसएस के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि यूपीसीएल विद्युत वितरण व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। विभिन्न परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाओं के रूप में मिल सके।
उन्होंने बताया कि राजस्व संग्रह, बिजली हानि नियंत्रण और पावर परचेज मैनेजमेंट के क्षेत्र में निगम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के जरिए गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है।

कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण
प्रेस वार्ता में कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल किए गए। एमडी ने बताया कि निगम प्रबंधन द्वारा एसीपी, पदोन्नति, पेंशन, नियमितीकरण और चिकित्सा प्रतिपूर्ति जैसे मामलों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मामलों के त्वरित निस्तारण के साथ अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े प्रकरणों को भी समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
उपभोक्ता और कर्मचारी दोनों निगम की प्राथमिकता
पीसी ध्यानी ने कहा कि यूपीसीएल का उद्देश्य केवल वित्तीय और परिचालन उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने कहा कि यूपीसीएल को आधुनिक, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी निगम बनाने के साथ कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान एमडी ने पत्रकारों के सवालों का सहज एवं तथ्यपरक जवाब दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यूपीसीएल उपभोक्ता सेवाओं, तकनीकी आधुनिकीकरण और कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में और प्रभावी कार्य करेगा।
