रुद्रप्रयाग। बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऊखीमठ में सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय की करीब 150 छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

गीता धामी का संदेश पढ़कर छात्राओं को किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी का संदेश भी छात्राओं के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। विद्यालय की छात्रा अध्यक्ष कुमारी खुशी ने संदेश का वाचन किया। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना भी है।
संदेश में कहा गया कि मासिक धर्म एक स्वाभाविक शारीरिक प्रक्रिया है। इसे लेकर किसी भी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं होना चाहिए। इस विषय पर खुलकर बात करना, सही जानकारी प्राप्त करना और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
मासिक धर्म स्वच्छता अपनाने पर दिया जोर
छात्राओं को बताया गया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता संबंधी सावधानियां बरतना और सैनिटरी नैपकिन का उचित उपयोग करना महत्वपूर्ण है। इससे संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
संदेश में यह भी कहा गया कि प्रत्येक बेटी को स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वह स्वस्थ और सुरक्षित रहते हुए आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन के लक्ष्य हासिल कर सके।

फाउंडेशन की पहल को बताया महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन की जिला अध्यक्ष सुमन जमलोकी के नेतृत्व में जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष हेमलता नौटियाल, नामित सभासद मीरा देवी और विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता जगवाड़ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस पहल के माध्यम से छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर संकोच छोड़कर सही जानकारी अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
