डीएम डॉ. आशीष चौहान ने दिए निर्देश, सात नालों को एसटीपी से किया जाएगा टैप; 166.45 एमएलडी क्षमता के 15 एसटीपी संचालित
देहरादून। गंगा और उसकी सहायक नदियों के पुनर्जीवन, स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने रिस्पना और बिंदाल नदियों में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नदी किनारे कूड़ा डालने वाले संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां जालियां और स्क्रीन लगाने को कहा है।
गुरुवार को जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नदियों की स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और नदियों को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी से काम करें।

सेप्टिक टैंकरों की होगी नियमित निगरानी
जिलाधिकारी ने सेप्टिक टैंकरों की नियमित निगरानी करने और उनसे निकलने वाले मल-मूत्र का निर्धारित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में उपचार कराने के बाद ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का नगर निगम में अनिवार्य पंजीकरण कराने को कहा, ताकि कचरे के परिवहन और निस्तारण पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने निर्माणाधीन एसटीपी के कार्यों में तेजी लाकर उन्हें जल्द पूरा करने तथा प्रस्तावित नए एसटीपी के निर्माण के लिए तत्काल आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले नए एसटीपी का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
सभी घरों को सीवेज कनेक्शन से जोड़ने का लक्ष्य
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी घरों को सीवेज कनेक्शन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए नदियों में सीधे गिरने वाले सभी सात नालों को एसटीपी से टैप करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवेज का बिना उपचार नदियों में प्रवाह रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए।
कूड़ा डंपिंग पर रहेगी प्रशासन की नजर
डीएम ने सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को अपने-अपने क्षेत्रों में डंपिंग यार्ड का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी अनधिकृत रूप से कूड़ा डंप नहीं होना चाहिए।
जिला पंचायत और विकासखंडों को आवंटित कॉम्पेक्टर मशीनों के माध्यम से कूड़े के निस्तारण की भी नियमित जांच की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान कर कूड़े का अनिवार्य पृथक्करण सुनिश्चित कराने को कहा गया है। गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग निस्तारण करने तथा संपूर्ण कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।
अस्पतालों और मेडिकल लैब के कचरे की भी होगी जांच
जिलाधिकारी ने अस्पतालों, मेडिकल लैब और क्लीनिकों से निकलने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायोमेडिकल वेस्ट) का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित तरीके से किया जाए, ताकि पर्यावरण और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
166.45 एमएलडी क्षमता के 15 एसटीपी संचालित
बैठक में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों ने जिले में संचालित एवं निर्माणाधीन एसटीपी की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में देहरादून जनपद में कुल 166.45 एमएलडी क्षमता के 15 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट संचालित हैं।
सीवेज कनेक्शन के लिए निर्धारित 1,55,601 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 73,767 घरों को सीवेज नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है। इसके अतिरिक्त सात नए एसटीपी का निर्माण प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवेज प्रबंधन, कूड़ा निस्तारण और नदी संरक्षण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदियों को स्वच्छ रखने के लिए निगरानी के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
