यूजेवीएन लिमिटेड की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना को दी जाएगी गति: प्रबंध निदेशक

देहरादून: UJVN Limited के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने 300 मेगावाट की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के प्रमुख घटकों—बांध निर्माण, विद्युत उत्पादन संरचनाएं, सुरंग कार्य एवं सहायक अवसंरचनाओं—का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी प्राप्त की।

प्रबंध निदेशक ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यों के रोडमैप पर चर्चा की और निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप तेजी से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्याप्त मानव संसाधन, मशीनरी और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

श्री सिंह ने लखवाड़ परियोजना को राज्य और राष्ट्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल विद्युत उत्पादन बढ़ाएगी, बल्कि सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और बाढ़ नियंत्रण जैसे बहुआयामी लाभ भी प्रदान करेगी।

उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।

प्रबंध निदेशक ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकता वाली इस परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सर्वोच्च लक्ष्य है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रबंधन स्तर पर आवश्यक तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग लगातार उपलब्ध कराया जाएगा तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

इस अवसर पर अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक एस. के. सिंह सहित निगम और परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रबंध निदेशक को परियोजना की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के समयबद्ध पूर्ण होने से उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *