“जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का गोपेश्वर में शुभारंभ, 254 लोग हुए लाभान्वित

चमोली: राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का सोमवार को गोपेश्वर के पुलिस मैदान में भव्य शुभारंभ किया गया। प्रशासन की ओर से जनपद में तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभाग आम जनता को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दे रहे हैं।

कार्यक्रम के पहले दिन विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 40 स्टॉलों के माध्यम से कुल 254 लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उनकी गतिविधियों की जानकारी भी ली।

विधायक भूपाल राम टम्टा ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सशक्त बनाने और चारधाम यात्रा व ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, रामचंद्र गौड़, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तावल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किया संबोधन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चार वर्ष पूर्व प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को विकास की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, जी-20 बैठकों का आयोजन, राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन, शीतकालीन यात्रा की शुरुआत और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में 41% की वृद्धि हुई है और चार वर्षों में 20 हजार उद्योग स्थापित हुए हैं।

“समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार”: धन सिंह रावत

जनपद प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सरकार चमोली सहित पूरे राज्य के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई है।

28 लाभार्थियों को चेक वितरण, स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध

कार्यक्रम के दौरान उद्यान और समाज कल्याण विभाग द्वारा 28 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए, जबकि बाल विकास विभाग ने 8 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 73 लोगों की जांच कर दवाइयां वितरित की गईं, आयुर्वेदिक विभाग ने 14 लोगों का उपचार किया, जबकि पशुपालन विभाग ने 29 पशुपालकों को दवाइयां उपलब्ध कराईं। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

कार्यक्रम के दौरान महिला मंगल दल, पंजीकृत सांस्कृतिक दलों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सुबोध प्रेम विद्या मंदिर, पीस पब्लिक स्कूल, जीजीआईसी गोपेश्वर, गोपीनाथ संगीतशाला और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *