टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को धरातल पर उतारने और विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिला कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने यूसीसी की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्ष 2010 के बाद संपन्न हुए विवाहों के पंजीकरण हेतु निर्धारित 19 हजार के लक्ष्य को हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर परिणाम देना सुनिश्चित करना होगा।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पंजीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए एक विशेष समय सारिणी निर्धारित की है। उन्होंने निर्देशित किया कि 20 जनवरी तक जिन आवेदनों की स्वीकृति या पुष्टि हो चुकी है, उनका डेटा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से जाँचा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि या पेंडेंसी की गुंजाइश न रहे। इसके साथ ही, शेष बचे हुए लोगों से फोन के माध्यम से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर 31 जनवरी तक पंजीकरण की प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने का आदेश दिया गया है। इस कार्य को मिशन मोड में पूरा करने के लिए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान को एक विशेष अभियान चलाने और तहसीलवार प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाया जा सके।
