टिहरी। जनपद के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे “सरकार जनता के द्वार” अभियान के तहत विभिन्न विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन जारी है। इसी क्रम में तहसील प्रतापनगर और घनसाली के सुदूरवर्ती इलाकों में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। इन शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर न केवल जनता की फरियाद सुनी, बल्कि कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत पहुंचाई। शिविरों के माध्यम से सैकड़ों ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं और विभागीय योजनाओं का सीधा लाभ मिला।
तहसील प्रतापनगर के अंतर्गत न्याय पंचायत पनियाला के राजकीय इंटर कॉलेज रौणद रमोली में जिला विकास अधिकारी मो. असलम की अध्यक्षता में एक विशाल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के नोडल अधिकारी और नर्सरी विकास अधिकारी राहुल राणा ने जानकारी दी कि यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों पर 402 लोगों ने पंजीकरण कराया। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष 73 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 20 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए 91 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्यवाही शुरू की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर 202 लोगों ने स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण का लाभ उठाया।
