गौचर ग्राउंड में दर्दनाक हादसा, बस की चपेट में आने से चारधाम यात्री महिला की मौत

 

चमोली (गौचर)। चारधाम यात्रा मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां गौचर ग्राउंड में बस की चपेट में आने से एक महिला यात्री की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

 

जानकारी के अनुसार, आज कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गौचर ग्राउंड में एक बस की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। सूचना पर चौकी गौचर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक उपचार हेतु पीएचसी गौचर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

पुलिस के अनुसार, बस संख्या DD01 R 9725 को किनारे खड़ा करते समय यह हादसा हुआ, जिसमें बस के अगले दाहिने टायर की चपेट में महिला आ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

 

मृतका की पहचान राजकुमारी (67 वर्ष), पत्नी शशिकांत शर्मा निवासी ग्राम व पोस्ट पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका 15 मई को गाजीपुर से यात्रा के लिए रवाना हुई थीं और ऋषिकेश पहुंचने के बाद बस संख्या UK 11PA 4040 के माध्यम से चारधाम यात्रा पर आगे बढ़ी थीं।

 

पुलिस ने घटना के बाद बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक की पहचान

मितेश कुमार मोदी, निवासी गांधीनगर, मेहसाणा (गुजरात) के रूप में हुई है।

 

बस में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालकर वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है। वहीं, पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *