उत्तराखंड में मौसम ने बदला मिजाज, कल से कई जिलों में बारिश का अलर्ट, ऑरेंज अलर्ट जारी

 

देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में आगामी दिनों में वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि तथा तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना जताई गई है।

 

मौसम विभाग द्वारा 27 मई 2026 को जारी पूर्वानुमान में 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

 

इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

वहीं 29 मई को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इस दिन उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ-साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

 

मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है।

 

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *