उत्तरकशी : जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने गुरुवार को पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिक आवाजाही वाले पर्यटक स्थलों का थीम आधारित विकास करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटकों की सुविधाओं और पर्यटन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही प्रमुख पर्यटक स्थलों और अधिक पर्यटकों की आवाजाही वाले स्थानों पर वॉल पेंटिंग और म्यूरल्स विकसित किए जाएं, ताकि पर्यटकों को आकर्षक अनुभव मिल सके।
उन्होंने पर्यटन स्थलों के विकास के लिए साइनेज (दिशा सूचक संकेतक) लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे पर्यटकों को गंतव्य तक पहुंचने में आसानी हो। साथ ही प्रमुख स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जनपद की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
