समर वैली विद्यालय का 32वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, 900 विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

देहरादून। समर वैली विद्यालय परिसर में रविवार को 32वां वार्षिक स्थापना दिवस समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रंगारंग कार्यक्रमों से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर समर वैली और सन वैली विद्यालय के करीब 900 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्योग मित्र के सदस्य शांतनु बिष्ट उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

‘वक्त के पन्नों पर हमारी कहानी’ ने दिखाई समय की विकास यात्रा

समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नाटक ‘वक्त के पन्नों पर हमारी कहानी’ रहा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने मनुष्य और समय के बीच के संबंध को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। ब्रह्मांड की उत्पत्ति से शुरू हुई यह नाट्य प्रस्तुति भारतीय विरासत और सांस्कृतिक धरोहर की झलक दिखाते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और रोबोटिक्स के आधुनिक युग तक पहुंची।

विद्यार्थियों ने अपनी शानदार अभिनय क्षमता और रचनात्मकता से समय के साथ मानव सभ्यता के विकास की यात्रा को मंच पर जीवंत कर दिया।

नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न नृत्य शैलियों और मधुर संगीत ने समारोह की शोभा बढ़ाई। फ्लेमिंगो डांस, चाइनीज डांस, इन्वेंटर्स ड्रीम और रोबोटिक डांस के साथ भारतीय शास्त्रीय नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को जीवंत बनाने के लिए विद्यार्थियों ने स्वयं विभिन्न प्रॉप्स का निर्माण भी किया। नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब सराहना मिली।

मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आईसीएसई और आईएससी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले 11 विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।

इसके अलावा कक्षा 10 और 11 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देकर प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कक्षा 12 के आठ विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और रोलिंग ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शिक्षकों और कर्मचारियों की दीर्घकालीन सेवाओं का सम्मान

विद्यालय के विकास और संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों एवं सहायक कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। 10, 15 और 20 वर्षों की दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं के लिए उन्हें विद्यालय की ओर से सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों, रचनात्मकता और समर्पण का शानदार उदाहरण रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, शैक्षणिक उपलब्धियों और सम्मान समारोह के माध्यम से विद्यालय ने अपनी गौरवशाली परंपराओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों के मन पर अमिट छाप छोड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *