देहरादून। त्योहारों के मद्देनजर आम जनता को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से जिलेभर में निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को विभागीय टीम ने रायपुर चौक, महाराणा प्रताप चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य सचल विश्लेषणशाला की मदद से मौके पर ही मिठाइयों सहित कुल 83 खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। जांच में 15 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मौके पर ही की गई खाद्य पदार्थों की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न स्वीट्स शॉप और खाद्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परखी। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कारोबारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने, सुरक्षित तरीके से खाद्य पदार्थ तैयार करने और उनका उचित भंडारण करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों पर विशेष निगरानी
त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सामग्री की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसी को देखते हुए मिठाई की दुकानों, बेकरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों की टीम रही मौजूद
निरीक्षण एवं जांच अभियान में उपायुक्त खाद्य सचल विश्लेषणशाला वीरेन्द्र बिष्ट, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह और खाद्य विश्लेषक जितेंद्र भंडारी सहित अन्य संबंधित कर्मचारी शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण, नमूना संग्रहण और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
