गृह क्षेत्र पहुंचने पर मुरारीलाल खंडवाल का अभिनंदन, जुलूस निकालकर कार्यकर्ताओं ने दिखाई ताकत

 टिहरी। टिहरी जनपद में कांग्रेस संगठन में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल का अपने गृह क्षेत्र लंबगांव पहुंचने पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया। प्रतापनगर विधानसभा के भेलुंता निवासी मुरारीलाल खंडवाल के जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गृह क्षेत्र आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखने को मिला। लंबगांव पार्किंग से लेकर आराध्य देव महेड देवता के मंदिर तक ढोल-दमाऊ की थाप पर एक विशाल अभिनंदन जुलूस निकाला गया, जिसके माध्यम से कांग्रेस ने अपनी एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन किया। इसके उपरांत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रतापनगर द्वारा शहीद स्मारक स्थल पर एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जहां फूल-मालाओं से लादकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने मुरारीलाल खंडवाल को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खंडवाल एक अनुभवी और संघर्षशील नेता हैं, जिन्होंने हमेशा जमीनी स्तर पर समर्पित होकर पार्टी के हितों के लिए कार्य किया है। उनके नेतृत्व में निश्चित रूप से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। विधायक नेगी ने अपने संबोधन में प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने 2027 के चुनाव की चुनौती है, जिसके लिए अभी से तैयार रहना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रचंड बहुमत वाली भाजपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने के बजाय आउटसोर्स के माध्यम से गुजरात और मध्य प्रदेश की कंपनियों को ठेके दिए जा रहे हैं, जो उत्तराखंड के युवाओं के साथ छलावा है।

विक्रम सिंह नेगी ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में शुरू की गई जीवनदायिनी 108 स्वास्थ्य सेवा, जो पहाड़ के लोगों के लिए वरदान थी और जिसमें स्थानीय युवा रोजगार पा रहे थे, उसे भाजपा ने अपनी चहेती मध्य प्रदेश की कंपनी को सौंप दिया है। इससे सेवाओं का स्तर तो गिरा ही है, साथ ही स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट भी खड़ा हो गया है। उन्होंने हाल ही में घनसाली में प्रसव के दौरान हुई महिलाओं की मृत्यु को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार कांग्रेस शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का काम कर रही है। वहीं, नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और जन-जन की आवाज बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *