देहरादून। रविवार को श्री झण्डे जी के आरोहण के बाद सोमवार को भी दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में देश-विदेश से आई संगतों और नगरवासियों की भारी उपस्थिति रही। संगतों ने मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं मांगी और गुरु भक्ति में लीन होकर भजनों-कीर्तनों का आनंद लिया।
सुबह से ही सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के दर्शन के लिए संगतें कतारबद्ध रहीं। श्री महाराज ने संगतों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया और अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में गुरु भक्ति, सेवा और सत्कर्म का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि गुरु की कृपा से मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त होकर मोक्ष प्राप्त कर सकता है।
ऐतिहासिक नगर परिक्रमा मंगलवार को
श्री झण्डे जी के आरोहण के तीसरे दिन मंगलवार, 10 मार्च को नगर परिक्रमा का आयोजन होगा। परिक्रमा में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में 25,000 से अधिक संगतें शामिल होंगी। नगर परिक्रमा की शुरुआत सुबह 7:30 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से होगी और यह सहारनपुर चैक, कांवली रोड, बिंदाल, तिलक रोड, टैगोर-विला, घण्टाघर, पल्टन बाजार और बाॅम्बे बाग होते हुए दोपहर 12 बजे वापस दरबार में समाप्त होगी। मार्ग में चने, मुरमुरे, गुड़ और गन्ने के प्रसाद भी वितरित किए जाएंगे।
भजनों-कीर्तनों और लंगर से भक्तिमय माहौल
सोमवार सुबह से ही भजनों और कीर्तनों की धूम रही। संगतों ने “गुरु बिन घोर अंधेरा, गुरु से ही उजियारा”, “सतगुरु तेरी महिमा अपरम्पार” जैसे भजनों का आनंद लिया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर हो उठा।
श्री दरबार साहिब के अन्दर और बाहर लंगर की व्यवस्था की गई थी। संगतों को भोजन और जलपान की सुविधा प्रदान की गई, जबकि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टर, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ भी चिकित्सकीय सेवाओं के लिए उपलब्ध रहे।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संगतों ने बढ़चढ़ कर लिया भाग
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और श्री महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में दरबार परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पुरुष और महिलाएं दोनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 200 यूनिट रक्तदान किया गया।
श्री झण्डे जी मेले के आयोजन में संगतों और नगरवासियों की भक्ति और उत्साह दर्शनीय रहा, और सभी ने इस ऐतिहासिक अवसर का भरपूर आनंद उठाया।
