विकासखंड प्रतापनगर के ओखलाखाल में सक्रिय गुलदार के आतंक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा

 

TEHRI GARHWAL। विकासखंड प्रतापनगर के ओखलाखाल गांव में बीते दो सप्ताह से सक्रिय गुलदार के आतंक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। लगातार पालतु पशुओं को शिकार बनाने के बाद गुलदार की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग की टीम ने गांव में रात्रि गश्त शुरू कर दी है और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।

ग्रामीणों की मांग पर सक्रिय हुई वन विभाग की टीम ने बीते कुछ दिनों से लगातार गांव और उसके आसपास के क्षेत्रों में गश्त शुरू कर दी है। ओखलाखाल निवासी शरद बिष्ट सहित कई ग्रामीणों ने गुलदार की बढ़ती सक्रियता को लेकर वन विभाग से गांव में गश्त दल तैनात करने की मांग की थी। जिसके बाद वन रेंजर हर्षराम उनियाल के नेतृत्व में रात्रि गश्त दल तैनात किया गया है।

वन रेंजर हर्षराम उनियाल ने बताया कि गुलदार की मौजूदगी की सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है, हालांकि अभी तक गश्ती दल को गुलदार की प्रत्यक्ष मौजूदगी नहीं दिखी है। बावजूद इसके संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय घरों के आसपास रोशनी बनाए रखें, छोटे बच्चों को अकेले बाहर न निकलने दें और सांयकाल के बाद समूह में ही बाहर निकलें।

गश्त दल में डिप्टी रेंजर काशीराम थपलियाल, रघुवीर रावत, कविता गुसाईं, जगपाल पंवार, महेश कुमार सहित अन्य वन कर्मी शामिल हैं, जो गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *