TEHRI GARHWAL। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बागी में नई X-RAY मशीन की स्थापना के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई मजबूती मिली है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने मशीन का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही तकनीशियन भारत कुमार की नियुक्ति के बाद अब CHC बागी में नियमित X-RAY सुविधा का रास्ता साफ हो गया है।
इस अवसर पर विधायक कंडारी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि CHC बागी में X-RAY मशीन की स्थापना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल है।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिमरन रावत ने सीएचसी बागी में कार्यरत महिला चिकित्सकों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। इस पर विधायक कंडारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत को सीएचसी बागी और हिंडोलाखाल में पुलिस की आवश्यक तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ममता देवी, शशि ध्यानी, राजेंद्र सिंह, रेखा भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
