राफ्टिंग गाइड, स्थानीय नागरिक और पर्यटकों ने मिलकर की गंगा तटों की सफाई

उत्तराखंड। राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह के उपलक्ष्य में जिला पर्यटन विभाग द्वारा पूरे जनपद में स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा ने बताया कि 1 नवम्बर से 9 नवम्बर तक पर्यटन विभाग के तत्वावधान में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य स्वच्छ, सुरक्षित और सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है।

इसी क्रम में शुक्रवार को गंगा नदी राफ्टिंग समिति के सहयोग से गंगा नदी के प्रमुख पुट-इन और पुल-आउट पॉइंट्स कृ शिवपुरी, ब्रह्मपुरी और नीम बीच मुनि की रेती पर एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में राफ्टिंग कंपनियों के ओनर, रिवर गाइड, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने गंगा तटों से प्लास्टिक, बोतलें, रैपर और अन्य कचरा एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण प्रस्तुत किया। सचिव गंगा नदी समिति जसपाल चौहान और राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष ध्रुव नरेश राणा ने कहा कि गंगा हमारी आस्था और जीवन का आधार है, इसलिए इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी और अमित राणा ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं होगा, बल्कि इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा ताकि गंगा के तट सदैव निर्मल और स्वच्छ बने रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *