टिहरी के 9 विकासखंडों में पंचायत चुनाव के नतीजे घोषित, भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीयों का मिला-जुला प्रदर्शन

 टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल के 9 विकासखंडों में ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ प्रमुख और कनिष्ठ प्रमुख पदों के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, जिनके नतीजों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग राजनीतिक तस्वीर पेश की। कहीं भाजपा का पलड़ा भारी रहा, तो कहीं कांग्रेस और निर्दलीयों ने अपना दमखम दिखाया। जिले के सबसे बड़े विकासखंड भिलंगना में भाजपा प्रत्याशी राजीव कंडारी ने ब्लॉक प्रमुख पद पर 28 मत प्राप्त कर स्पष्ट जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेंद्र बिष्ट को 12 मत मिले। ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर प्यार सिंह बिष्ट ने 18 मत पाकर जीत हासिल की, जबकि नित्यानंद कोठियाल को 11 और प्रियंका नेगी को 7 मत मिले। चार मत अमान्य घोषित हुए। कनिष्ठ उप प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में कृष्णा गैरोला ने 17 मत पाकर जीत दर्ज की, जबकि सुरेंद्र रावत को 11 और पूनम को 10 मत मिले, दो मत अमान्य रहे।

विकासखंड प्रतापनगर में ब्लॉक प्रमुख पद पर भाजपा प्रत्याशी मनीषा पंवार ने दो मतों के मामूली अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 21 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी गंगा नेगी को 19 मत प्राप्त हुए। कनिष्ठ प्रमुख पद पर भाजपा के विशन सिंह रांगड़ ने 23 मत लेकर जीत दर्ज की, जबकि नरेश नेगी को 17 मत मिले। ज्येष्ठ प्रमुख पद पर प्रकाश रमोला पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। चुनाव परिणाम आने के बाद मनीषा पंवार और विशन सिंह रांगड़ ने समर्थकों के साथ प्रतापनगर बाजार में विजयी जुलूस निकाला। इस दौरान विधायक बिक्रम सिंह नेगी, पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार, निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला, नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ और व्यापार मंडल अध्यक्ष युद्धवीर राणा सहित भाजपा के कई स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। विजयी जुलूस में ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाजी और फूल-मालाओं से माहौल जश्न में डूब गया।

दूसरी ओर, जौनपुर विकासखंड में इस बार निर्दलीयों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को तगड़ा झटका दिया। ब्लॉक प्रमुख पद के हाई-वोल्टेज मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी सीता पंवार ने भाजपा की पूर्व ब्लॉक प्रमुख सीता रावत को केवल दो मतों के अंतर से पराजित किया। कुल 40 मतों में से सीता पंवार को 21 और सीता रावत को 19 मत प्राप्त हुए। अंतिम परिणाम घोषित होते ही पंवार समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में “सीता पंवार ज़िंदाबाद” के नारे गूंजने लगे।

ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर भी निर्दलीय प्रत्याशी जय कृष्ण उनियाल ने 21 मत प्राप्त कर दो मतों से जीत दर्ज की, जबकि कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर मंजू पंवार ने भी 21 मत लेकर भाजपा को तीसरी बार पराजित किया। तीनों अहम पदों पर हार ने भाजपा खेमे में निराशा फैला दी। वहीं, विजयी प्रत्याशियों के समर्थन में थत्यूड़ बाजार में भव्य जश्न मनाया गया, जिसमें ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और फूलों की बारिश से माहौल देशभक्ति और उत्साह से भर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *