खत विशलाड़ जनजाति कर्मचारी संगठन का पहला सम्मेलन आयोजित, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान

 

क्वांसी (देहरादून)। खत विशलाड़ जनजाति कर्मचारी संगठन के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, क्वांसी में संगठन का पहला सम्मेलन, मिलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जय महासू देवता के जयघोष के साथ हुआ। सम्मेलन में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।

 

सम्मेलन में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और नशामुक्त समाज के निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने और सकारात्मक मार्गदर्शन देने का संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, क्वांसी के खत विशलाड़ क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

 

हाईस्कूल वर्ग में संध्या वर्मा, अभिराज वर्मा और अक्षय चौहान ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में सोनिया, आंचल रावत और आरती रावत को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम के समापन पर संगठन के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाज और क्षेत्र के विकास के लिए ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित करने की बात कही।

इस अवसर पर नरेंद्र सिंह चौहान, वीरेंद्र जोशी, अनिल दत्त शर्मा, केशव राम शर्मा, पूरण सिंह, वीरेंद्र शर्मा, उज्ज्वल वर्मा, रोहित शर्मा, मोहित चौहान, ध्वजवीर चौहान, सदर सियाणा शूरवीर सिंह पंवार, अजब सिंह चौहान, श्रीचंद शर्मा, जयपाल सिंह चौहान, हुकम सिंह राणा, राजेंद्र सिंह चौहान, रमेश नेगी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *