THDC टनल हादसा: दो लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान तेज, डीएम गौरव कुमार ने संभाली मॉनिटरिंग

 

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए रविवार को रेस्क्यू अभियान और तेज कर दिया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं पूरे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वह मौके पर रेस्क्यू में जुटी विभिन्न टीमों से समन्वय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

 

लापता लोगों की तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टनल के भीतर पानी का स्तर कम करने के लिए पंपों के माध्यम से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। पानी की निकासी से रेस्क्यू टीमों के लिए टनल के प्रभावित हिस्सों तक पहुंचने और वहां गहन खोजबीन करने का रास्ता सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

भारी मशीनों और मलबे को हटाने का काम जारी

 

रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल के भीतर फंसी मशीनों और अन्य भारी अवरोधों को हटाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की मदद से मशीनों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है, ताकि रेस्क्यू टीमों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता साफ किया जा सके।

 

मलबे और प्रभावित हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाते हुए संभावित सभी स्थानों पर बारीकी से सर्च किया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर प्रत्येक संभावित स्थान को चिन्हित कर अभियान चला रही हैं। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और ऐसे सभी हिस्सों की भी गहन जांच की जा रही है, जहां लापता लोगों के मौजूद होने की संभावना हो सकती है।

 

हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

 

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

अब तक 20 लोग बाहर निकाले गए

 

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है।

 

वहीं, टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। प्रशासन और बचाव दल उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए संभावित सभी स्थानों पर सघन खोजबीन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *